Father and son arrested for attacking a man | व्यक्ति पर हमला करने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार:…

पशु चराने के विवाद में एक व्यक्ति पर हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार किया है।
स्वरूपगंज थाना क्षेत्र के केर गांव में पशु चराने के विवाद में एक व्यक्ति पर हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गुजरात से गिरफ्तार किया है। घटना 15 अगस्त की शाम 7 बजे की है।
.
मानाराम ने 16 अगस्त को पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उनके खेत में वणवीर उर्फ वणाराम और उसका बेटा गोपाल राम अपने पशु चराने लाते थे। मना करने पर नहीं मानते थे।
मानाराम अपने पिता के साथ वणवीर के घर गया। उसने पशु न चराने की बात कही। इस पर वणवीर और गोपाल राम ने लाठी-कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मानाराम के पिता को गंभीर चोट आई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिरोही एसपी डॉक्टर प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर स्वरूपगंज थाना अधिकारी कमल सिंह की टीम ने कार्रवाई की। टीम में सहायक उप निरीक्षक रामनाथ, कॉन्स्टेबल बाबूलाल, दिलीप कुमार और कमलेश कुमार शामिल थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिम्मतनगर गुजरात के पास बड़ौदा गांव से गिरफ्तार किया।