Haryana Vidhan Sabha Monsoon Session Proceedings Live Updates CM Nayab Saini Bhupinder Singh…

सदन में वेल के पास कांग्रेस विधायक पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए आए। विधानसभा में बोलते भूपेंद्र हुड्डा और सीएम नायब सैनी।
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन भिवानी की लेडी टीचर मनीषा की मौत को लेकर जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस ने मनीषा की मौत और लॉ एंड ऑर्डर को लेकर काम रोको प्रस्ताव दिया था।
.
इस प्रस्ताव पर चर्चा की मांग करते हुए कांग्रेस विधायकों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया। वह ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के पोस्टर लेकर वेल में आ गए और कार्यवाही नहीं चलने दी।
इस हंगामे के बीच विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण को 4 घंटे में 6 बार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। अंत में यह प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया। इस पर 26 अगस्त को चर्चा होगी।
शुक्रवार दोपहर 2 बजे शुरू हुई सदन की कार्यवाही शाम करीब सवा 6 बजे सोमवार (25 अगस्त) दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। कल यानी शनिवार (23 अगस्त) और रविवार (24 अगस्त) को छुट्टी की वजह से सदन नहीं चलेगा।
पहले दिन ऐसे चली विधानसभा की कार्यवाही…
- BAC ने 27 अगस्त तक सत्र मंजूर किया: विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की मीटिंग हुई। जिसमें फैसला लिया गया कि मानसून सत्र 27 अगस्त तक चलेगा। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही शुरू की गई।
- कांग्रेस विधायक बिना नेता चौथी बार विधानसभा में पहुंचे: कांग्रेस के 37 विधायक लगातार चौथी बार बिना विधायक दल नेता के विधानसभा की कार्यवाही में शामिल हुए। कांग्रेस हाईकमान की तरफ से अभी तक नेता विपक्ष पर फैसला नहीं लिया गया है। इस पर अनिल विज ने तंज भी कसा कि कांग्रेस में निर्णय लेने की क्षमता नहीं है।
- प्रश्नकाल शुरू होते ही हंगामा मचा: कार्यवाही की शुरुआत में शोक संदेश पढ़े गए। जैसे ही प्रश्नकाल शुरू हुआ तो मनीषा की मौत पर हंगामा शुरू हो गया। कांग्रेस MLA गीता भुक्कल ने कहा कि प्रदेश में बेटियों का मर्डर हो रहा है। ऐसे में कैसे सदन चलेगा। मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि ये जिम्मेदारी से भाग रहे। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने प्रश्नकाल चलने देने की अपील की। इसके बाद सीएम सैनी ने भी कहा सदन में सवाल पर बहस कर लें लेकिन ये ऐसा नहीं करेंगे।
सदन की शुरुआत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस विधायक भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शोक प्रस्ताव पढ़े।
कांग्रेसियों का हंगामा, सदन की कार्यवाही 6 बार स्थगित
- पहली बार: सीएम के बयान के बाद कांग्रेस के विधायक वेल में आकर हंगामा करने लगे। इसके बाद स्पीकर ने सदन को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया।
- दूसरी बार: आधे घंटे बाद कार्यवाही शुरू हुई तो कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए फिर वेल में आ गए। स्पीकर ने कहा कि ये गलत है, ये बिल्कुल नहीं होने दिया जाएगा। विधायकों ने उनकी सीट पर जाने की अपील नहीं सुनी तो उन्होंने 20 मिनट के लिए सदन स्थगित कर दिया।
- तीसरी बार: सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि सदन में जो हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। यह सुनकर कांग्रेसियों ने फिर हंगामा शुरू कर दिया। स्पीकर ने कहा कि नियम व प्रक्रिया के तहत ही सदन में विषय रखा जाएगा, सदन में नई परंपरा शुरू नहीं होगी। इस पर पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने पूछा कि काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा क्यों नहीं हो रही। इस पर सीएम ने कहा कि इनके राज में FIR तक दर्ज नहीं होती थी। इस पर हंगामा हुआ तो सदन की कार्यवाही आधे घंटे के लिए स्थगित करनी पड़ी।
- चौथी बार: इसके बाद सीएम ने सर्वदलीय मीटिंग बुलाई। इसमें स्पीकर हरविंद्र कल्याण, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल सिंह ढांडा, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल, इनेलो विधायक अर्जुन सिंह चौटाला और निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल मौजूद रहे। इस वजह से चौथी बार सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
- पांचवीं बार: कांग्रेस MLA अशोक अरोड़ा ने कहा कि नियमों के मुताबिक सदन में चर्चा होनी चाहिए। विधायक बलवान दौलतपुरिया ने भी कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है। काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा होनी चाहिए। विपक्ष काम रोको प्रस्ताव पर अड़ा रहा और सर्वदलीय बैठक जारी रही। जिस वजह से कार्यवाही 5वीं बार स्थगित कर दी गई।
- छठी बार: मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि कांग्रेस का सदन चलना न्यायोचित नहीं है। कार्यवाही नहीं चलेगी तो जनता की समस्याओं को सदन में कैसे उठाया जा सकेगा। मनीषा मामले में पुलिस अपना काम कर रही है, जांच CBI करने जा रही है। ऐसे में जो भी इस केस में कार्रवाई होगी, वह की जाएगी। सर्वदलीय बैठक के चलते कार्यवाही छठी बार स्थगित कर सदन की कार्यवाही एक घंटे बढ़ा दी गई।
सरकार ने कांग्रेस की जिद मानी, काम रोको प्रस्ताव मंजूर कांग्रेस के काम रोको प्रस्ताव पर करीब 4 बजे सर्वदलीय बैठक शुरू हुई। कांग्रेस प्रस्ताव पर चर्चा के लिए अड़ी रही। करीब 6 बजे मीटिंग खत्म हुई और सदन की कार्यवाही फिर शुरू की गई। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कहा कि चर्चा में सहयोग करें। इसके बाद कांग्रेस का कानून व्यवस्था पर काम रोको प्रस्ताव मंजूर कर लिया गया।
कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इसके बाद स्पीकर ने 26 अगस्त की कार्यवाही में चर्चा के लिए इसकी सहमति दी। इसके बाद करीब सवा 6 बजे सदन की दिन की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। अब 25 अगस्त को दोपहर 2 बजे कार्यवाही शुरू होगी। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने बताया कि 26 व 27 अगस्त को विधानसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
CM सैनी ने कांग्रेस MLA पर तंज कसा सदन में कुरुक्षेत्र के थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा के साथ दुर्व्यवहार का मुद्दा उठा। इस पर सीएम नायब सैनी ने कहा- इनका जिस पार्षद पति से झगड़ा हुआ है, वह इनका मित्र है। ये एक ही थाली में खाना खाते थे। इस पर अशोक अरोड़ा ने आपत्ति जताई। हालांकि स्पीकर के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया।
कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा से हाथापाई की फाइल फोटो।
मनीषा के मुद्दे पर CM सैनी और हुड्डा आमने-सामने हुए कांग्रेस ने मनीषा की मौत को लेकर लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। इस पर CM सैनी ने कहा- “कानून व्यवस्था का जो मुद्दा उठाया है, उस पर हम चर्चा के लिए तैयार हैं। पुलिस ने भिवानी की बेटी के मामले में कार्रवाई की है। कानून व्यवस्था की स्थिति इनके (कांग्रेस) समय में कैसी थी? FIR तक दर्ज नहीं होती थी। विपक्ष इस मामले में राजनीति न करे।” इसके जवाब में भूपेंद्र हुड्डा ने कहा- “CM की बात पर एतराज है। हमारे समय में ही हर मामले की FIR की कार्रवाई शुरू की थी।”
सत्र की पल-पल की अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…