Prayers at the dargah for relief from natural disasters | प्राकृतिक आपदाओं से राहत के लिए दरगाह…

अजमेर दरगाह पहुंचे पदाधिकारी।
एंटी खालिस्तान टेररिस्ट फ्रंट के पदाधिकारियों ने अजमेर स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में पहुंचकर देश को प्राकृतिक आपदाओं से राहत मिलने और पूरे राष्ट्र में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।
.
एंटी खालिस्तान टेररिस्ट फ्रंट संगठन के राष्ट्रीय प्रधान गुरसिमरन सिंह मंड अपने साथियों के साथ सोमवार रात अजमेर दरगाह पहुंचे। उनके साथ जनरल सेक्रेटरी संचित मल्होत्रा, हर्ष थापर, शंकी मल्होत्रा और भावजोत सिंह मंड भी मौजूद थे। दरगाह के खादिम हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने परंपरागत तरीके से उनकी जियारत कराई और दरगाह शरीफ का तबर्रुक भेंट किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने विशेष दुआ की, जिसमें देश को बाढ़, बारिश और भूस्खलन जैसी आपदाओं से मुक्ति मिलने की प्रार्थना की गई। साथ ही, पूरे देश में अमन-चैन, खुशहाली और एकता की कामना की गई।
दरगाह के खादिम हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने दरगाह शरीफ का तबर्रुक भेंट किया।
गुरसिमरन सिंह मंड ने कहा- हमारा संगठन आतंकवाद और विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ लड़ रहा है। आज जब देश प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है, तो हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हम धार्मिक स्थलों पर जाकर दुआ मांगें। ख्वाजा साहब की दरगाह सदियों से एकता और शांति का प्रतीक रही है। हम यहां से संदेश देना चाहते हैं कि सभी धर्मों के लोग मिलकर देश की सेवा करें। जनरल सेक्रेटरी संचित मल्होत्रा ने कहा कि आतंकवाद किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हम प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं। इस तरह की दुआएं लोगों को मानसिक बल देती हैं।
(फोटो-वीडियो – नजीर कादरी)