3 Jaish-e-Mohammed terrorists arrested in Bihar | राहुल की यात्रा के बीच बिहार में घुसे 3…

SIR के खिलाफ राहुल गांधी बिहार में वोटर अधिकार यात्रा पर हैं, इसी साल विधानसभा चुनाव भी होने वाले हैं, इस बीच बिहार में तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के घुसपैठ की खबर है।
.
सूत्रों के अनुसार, पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, नेपाल के रास्ते ये सभी बिहार पहुंचे। पाकिस्तानी टेररिस्ट हसनैन, आदिल और उस्मान की फोटो जारी की गई है।
हसनैन अली पाकिस्तान के रावलपिंडी का रहने वाला है। आदिल हुसैन, पाकिस्तान के उमरकोट का रहने वाला है। और तीसरा आतंकी मो. उस्मान पाकिस्तान के बहावलपुर का रहने वाला है।
सभी के पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की खबर है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस को हाई अलर्ट जारी किया है। मुख्यालय की तरफ से इन्हें आतंकियों के नाम और फोटो भी भेजे गए हैं।
खुफिया इनपुट के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों का मकसद बिहार में किसी बड़ी घटना को अंजाम देना था। हालांकि, इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आशंका जताई जा रही है कि तीनों आतंकी बिहार में अररिया जिले से घुसे होंगे। फिलहाल जांच चल रही है।
तीनों आतंकी की फोटो जारी की गई है।
खबर है कि तीनों आतंकी अगस्त के दूसरे सप्ताह में ही काठमांडू पहुंच गए थे। वहां से पिछले सप्ताह बिहार में घुसे हैं। इन आतंकवादियों के द्वारा देश के किसी हिस्से में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की आशंका भी जाहिर की गई है।
मुख्यालय ने सभी जिला पुलिस को खुफिया तंत्र को एक्टिव रखने, इनपुट जुटाने और संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने का आदेश दिया है। हालांकि, इसे लेकर आधिकारिक जानकारी मुख्यालय की तरफ से आनी बाकी है।
मई में 18 संदिग्धों की घुसपैठ
इससे 3 महीने पहले मई में 20 दिनों में 18 संदिग्ध बिहार में घुसे थे। इनमें एक खालिस्तानी भी पकड़ाया था। बिहार नेपाल से 729 किमी लंबी बॉर्डर साझा करता है।
बिहार के 7 जिले नेपाल बॉर्डर से लगे हुए हैं। यहीं से घुसपैठ होती है, क्योंकि पूरी बॉर्डर खुली है। जानिए बिहार-नेपाल सीमा की खुली बॉर्डर के बारे में……….
नेपाल बॉर्डर की सुरक्षा का जिम्मा SSB के पास
भारत की जमीनी सीमाएं 7 देशों चीन, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, म्यांमार और अफगानिस्तान से लगती है। जबकि, समुद्री सीमाएं श्रीलंका, मालदीव और इंडोनेशिया के साथ लगती हैं।
नेपाल और भूटान बॉर्डर की सुरक्षा SSB, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश बॉर्डर की सुरक्षा BSF, चीन बॉर्डर की सुरक्षा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और म्यांमार बॉर्डर की सुरक्षा असम राइफल्स के जिम्मे है।
बिहार से सीधा नेपाल का बॉर्डर लगता है। जबकि, बांग्लादेश बॉर्डर की दूरी बिहार के किशनगंज से करीब 20 किमी है। भारत से नेपाल का 1751 किलोमीटर लंबा बॉर्डर लगता है। इसमें से सबसे अधिक 729 किमी बिहार से सटा है।
3 तरीकों से नेपाल से बिहार में एंट्री आसान
भारत और नेपाल के बीच ओपन बॉर्डर है। इससे लोगों को आने-जाने में आसानी होती है। नेपाल से बिहार के रास्ते भारत में एंट्री काफी आसान है। यह तीन तरीके से होती है।
पहला: नेपाल के काठमांडू में ट्रैवल एजेंट भारत में एंट्री कराते हैं। ये फर्जी तरीके से नेपाली नागरिकता और भारतीय पहचान पत्र तक तैयार करते हैं।
काठमांडू में सीमा हैदर ने भारत का फर्जी आधार कार्ड बनवाया था।
दूसरा: नेपाल सीमा की पगडंडी के रास्ते अधिकतर घुसपैठ होती है। ये पगडंडियां नेपाल और भारत के बॉर्डर पर बसे गांवों में होती हैं। घुसपैठ करने वाले गांव के लोगों को लालच देकर एंट्री कर लेते हैं।
तीसरा: नेपाली और भारतीय शक्ल के दिखने वाले विदेशी खुद से बॉर्डर क्रॉस कर जाते हैं। अक्सर संदेह होने या खुफिया जानकारी पर ही बॉर्डर पर जांच होती है।
नेपाल बॉर्डर पर सख्ती क्यों जरूरी है?
दरअसल, खुफिया एजेंसियां भारत-नेपाल बॉर्डर को अब पाकिस्तान सीमा जितना ही संवेदनशील मान रही हैं, क्योंकि नेपाल में टूरिस्ट वीजा पर रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की संख्या 3,000 से अधिक है।
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल में मौजूद कई पाकिस्तानी नागरिक भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। बड़ी संख्या में पाकिस्तानी आतंकी डंकी रूट के सहारे पहले अवैध रूप से नेपाल में घुसते हैं। फिर बिहार के रास्ते भारत में घुसने की कोशिश रहती है। जानकारी के मुताबिक, कई पाकिस्तानी नागरिकों ने तो नेपाली महिलाओं से शादी कर ली और वहीं बस गए।
दो उदाहरणों से समझिए, नेपाल के रास्ते घुसपैठ की आशंका क्यों…
1. दो साल पहले पाकिस्तान से आई सीमा हैदर
13 मई 2023 को पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर नेपाल के रास्ते अपने बच्चों के साथ अवैध रूप से अपने प्रेमी के मिलने भारत पहुंच गई। वो अपने चार बच्चों के साथ काठमांडू से होते हुए भारत में घुसी। इसके बाद उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कस्बे में रहने लगी।
फिलहाल, सीमा हैदर के पासपोर्ट की वैधता और उनके दस्तावेजों की जांच अभी भी जारी है। उनके वकील एपी सिंह ने दावा किया है, ‘सभी दस्तावेज गृह मंत्रालय और एटीएस के पास जमा हैं और सीमा जमानत की शर्तों का पालन कर रही हैं।’
नोएडा में दो महीने पहले 5वें बच्चे को जन्म दिया। सीमा-सचिन का यह पहला बच्चा है।
सीमा की भारतीय नागरिकता की मांग अभी राष्ट्रपति के पास लंबित है और उसके अवैध प्रवेश के मामले की सुनवाई कोर्ट में चल रही है। इस वजह से उसे फिलहाल डिपोर्ट नहीं किया जा रहा है।
2. मोतिहारी में छिपा खालिस्तानी आतंकी गिरफ्तार
12 मई 2025 को बिहार पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मोतिहारी में संयुक्त अभियान चलाकर 10 लाख के इनामी खालिस्तानी आतंकवादी कश्मीर सिंह गलवड्डी (उर्फ बलबीर सिंह) को गिरफ्तार किया। वह नेपाल में फर्जी नाम से रह रहा था और कपड़े बेचकर अपनी पहचान छिपा रहा था।
वह वीरगंज के रास्ते आतंकियों को भारत में लाता था। आतंकियों को वह आर्थिक मदद भी पहुंचाता था। साथ ही ट्रेनिंग की व्यवस्था करता था।
उसके पास से 6 बैंक खातों में करोड़ों रुपए की फंडिंग का खुलासा हुआ। यह गिरफ्तारी ऑपरेशन सिंदूर के बीच हुई और NIA उससे पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि उसने लोकल लोगों का ट्रस्ट जीतने के लिए एक लड़की से शादी की थी।
20 दिनों में 18 विदेशी नागरिक गिरफ्तार
मई 2024 में 20 दिनों में 18 संदिग्ध विदेशी नागरिक भारत में घुसपैठ करते हुए गिरफ्तार किए गए।
- 17 मई 2025: मधुबनी में लदनियां बीओपी के पास सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने नेपाल से घुसपैठ कर रहे तीन विदेशी नागरिकों (एक चीनी और दो नेपाली) को गिरफ्तार किया। पूछताछ जारी है।
- 16 मई 2025: रक्सौल में भारत-नेपाल सीमा पर तैनात SSB ने एक कनाडाई नागरिक को पकड़ा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पंजाब के कपूरथला का निवासी है, जो फिलहाल कनाडा का नागरिक है।
- 12 मई 2025: बिहार पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पूर्वी चंपारण, मोतिहारी में एक संयुक्त अभियान में खालिस्तानी आतंकवादी कश्मीर सिंह गलवड्डी (उर्फ बलबीर सिंह) को गिरफ्तार किया।
- 8 मई 2025: किशनगंज सेक्टर के जवानों ने उत्तर दिनाजपुर के दासपारा गांव से 9 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया। सभी जिला दिनाजपुर और नरसिंडी के रहने वाले हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वे पिछले एक साल से राजस्थान में मजदूरी कर रहे थे और हाल में बांग्लादेश लौटने की फिराक में थे।
- 8 मई 2025: रक्सौल बॉर्डर पर चार चीनी नागरिकों और दो नेपाली महिलाओं को अवैध घुसपैठ के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चीनी मुद्रा और पासपोर्ट बरामद हुए और पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच चल रही है।
नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा को लेकर क्या-क्या हो रहा
बॉर्डर पर पुलिस चेक पोस्ट बनाए गए हैं। हर व्यक्ति और वाहन की जांच हो रही है। सीमावर्ती जिलों में 24 घंटे पुलिस गश्ती जारी है। वीरपुर, निर्मली और कोसी नदी के दियारा क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी गई है।
संदिग्ध गतिविधियों खासकर ISI और आतंकी संगठनों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए खुफिया तंत्र को एक्टिव किया गया है।
- सोशल मीडिया और फोन कॉल्स, खासकर पाकिस्तान से आने वाली कॉल्स पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
- किरायेदार सत्यापन, होटल चेकिंग, और संदिग्ध सोशल मीडिया गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
- बॉर्डर पर भारत की ही तरह नेपाल में भी 10 किलोमीटर तक कोई भी ड्रोन नहीं उड़ा सकता है।
- बांग्लादेश से आने वाली जमात पर भारत व नेपाल की खुफिया एजेंसी निगाह रख रही हैं।