ISRO unveils model of Bharatiya Antariksh Station | ISRO ने भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन का मॉडल…

5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में BAS-01 का मॉडल आकर्षण का केंद्र बना रहा।
इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (ISRO) ने शुक्रवार को भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (BAS) का मॉडल दिखाया। कल यानी 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे होता है। इससे पहले आज दिल्ली में भारत मंडपम में इंडियन स्पेस स्टेशन का मॉडल प्रदर्शित किया। भारत 2028 तक BAS का पहला मॉड्यूल लॉन्च करने की प्लानिंग कर रहा है।
इसके साथ ही भारत उन देशों की लिस्ट में शामिल हो जाएगा, जिनके पास अंतरिक्ष में प्रयोगशाला यानी ऑर्बिटल लेबोरेटरी है। वर्तमान में अंतरिक्ष में केवल दो ऑर्बिटल लैब हैं। पहला- इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन ISS ( इसे पांच अंतरिक्ष एजेंसियां मिलकर चलाती है), दूसरा- चीन का तियांगोंग स्पेस स्टेशन।
भारत का लक्ष्य 2035 तक स्टेशन के कुल 5 मॉड्यूल (हिस्से) अंतरिक्ष में भेजना है। पहला मॉड्यूल BAS-01 करीब 10 टन वजनी होगा। इसे पृथ्वी से 450 किलोमीटर ऊंचाई पर लो अर्थ ऑर्बिट (निचली कक्षा) में स्थापित किया जाएगा।
भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन की 2 फोटो
दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में 3.8 मीटर×8 मीटर आकार का BAS-01 का मॉडल दिखाया गया।
भारत 2028 तक भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (BAS) का पहला मॉड्यूल लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है।
भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन की 7 खासियत
- एनवायरमेंट और लाइफ सपोर्ट सिस्टम अंतरिक्ष में सांस लेने और रहने में मदद करेगा।
- भारतीय डॉकिंग और बर्थिंग सिस्टम से मॉड्यूल अंतरिक्ष में आसानी से जुड़ेंगे।
- ऑटोमैटिक हैच सिस्टम सुरक्षित और आसान आवाजाही सुनिश्चित करेगा।
- माइक्रोग्रैविटी रिसर्च प्लेटफार्म में वैज्ञानिक प्रयोग और नई तकनीकों का परीक्षण होगा।
- वैज्ञानिकों के प्रयोग, फोटोग्राफी और क्रू के लिए खास खिड़कियां हैं।
- स्टेशन को चलाने के लिए फ्यूल और फ्लूइड्स को रिफिल किया जा सकेगा।
- अंतरिक्ष में बाहर काम (स्पेसवॉक) करने के लिए सूट और खास दरवाजे।
दिसंबर 2024: अंतरिक्ष राज्य मंत्री बोले थे- 2035 तक भारत स्थापित करेगा अपना स्पेस स्टेशन
अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया था कि 2025 के अंत तक या 2026 की शुरुआत में गगनयान मिशन के तहत पहला भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में जाएगा।
केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने 11 दिसंबर 2024 को ऐलान किया था कि भारत 2035 तक अपना स्पेस स्टेशन स्थापित करेगा। इसे ‘भारत अंतरिक्ष स्टेशन’ नाम दिया जाएगा। इसके साथ ही, 2040 तक एक भारतीय को चंद्रमा पर भेजने की योजना है।
दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में डॉ. सिंह ने बताया कि 2025 के अंत तक या 2026 की शुरुआत में, गगनयान मिशन के तहत पहला भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में जाएगा। साथ ही भारत अपने गहरे समुद्र मिशन के तहत 6,000 मीटर की गहराई में मानव को भेजने की योजना बना रहा है।